बरेली। एसआरएमएस रिद्धिमा में चल रहे चतुर्थ थिएटर फेस्टिवल रंग महोत्सव इंद्रधनुष 2024 में बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के फाइव एलीमेंट्स की ओर से नाटक “सुमन वर्सेज सुमन” का मंचन किया गया।
मंचन में दिखाया गया कि मुख्य पात्र सुमन अपनी 14 वर्ष की बेटी जिया के साथ मुंबई में एक किराये के फ्लैट में रहती है। एक दिन कंपनी से उसे नोटिस मिलता है, जिसमें छंटनी के कारण उसे नौकरी से निकाले जाने की सूचना दी जाती है। उसी दिन फ्लैट के मालिक अग्रवाल ने उसे घर खाली करने का नोटिस दिया। अब उसके पास न तो नौकरी है और न ही घर।
इससे पहले कि वो कुछ निर्णय ले पाए, अकबर और एंथोनी उसके घर में किसी का समान ले आते हैं। घर के पते को लेकर बहस चल ही रही थी कि वहां एक अभिनेता सुमन राज आता है और बताता है कि अब यह फ्लैट उसे किराये पर दिया गया है। प्रॉपर्टी डीलर उन्हें फ्लैट शेयर करने की सलाह देता है। सुमन और सुमन राज के स्वभाव और तौर तरीकों में बहुत अंतर है जिससे परिस्थितियां हास्य की बनती हैं।
नाटक मंचन के दौरान अंतरराष्ट्रीय शायर प्रो. वसीम बरेलवी, एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक व चेयरमैन देव मूर्ति, डाॅ. रीता शर्मा, आशा मूर्ति, ऊषा गुप्ता, डाॅ. प्रभाकर गुप्ता, डाॅ. अनुज कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद