बरेली। विकास क्षेत्र मझगवां के प्राथमिक विद्यालय बिशारतगंज प्रथम में सहायक अध्यापक अखिलेश गुप्ता को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। उन्हें आधार अपडेशन कार्य के लिए विभाग ने लैपटॉप व प्रिंटर दिया था, जिसे बिना अनुमति शिक्षक ने दुकान पर छोड़ दिया। बाद में पुलिस के छापे में उसे कस्टडी में ले लिया। शासकीय कार्य प्रभावित करने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह के मुताबिक, शिक्षक को बीआरसी पर नवीन आधार कार्ड नामांकन व अपडेशन का कार्य करने की अनुमति अगस्त में दी गई थी। उन्हें पांच अक्तूबर को खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षक ने 28 अगस्त से तीन अक्तूबर तक आधार संबंधी सूचना उपलब्ध नहीं कराई।
शिक्षक ने पांच अक्तूबर को अवगत कराया कि आधार संबंधी कार्य के लिए आवंटित लैपटॉप व प्रिंटर इंस्टॉल कराने के लिए वह बिशारतगंज के वैभव कम्युनिकेशन नाम की दुकान पर गया, जहांं छापे में लैपटॉप व प्रिंटर पुलिस कस्टडी में जमा हो गए।
लैपटॉप दुकान पर ले जाने के लिए विभाग से अनुमति नहीं ली गई। शिक्षक की ओर से कस्टडी में उपकरण जमा होने की सूचना देरी से देने, विभागीय आदेशों की अवहेलना व शासकीय कार्य में व्यवधान डालने पर शिक्षक को निलंबित कर बीआरसी मझगवां से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं बीएसए कार्यालय के बीईओ सत्यदेव को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। संवाद