बरेली/भोजीपुरा। इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र शेरान संजय उर्फ निशु ने अपने भोजीपुरा में मॉडर्न विलेज स्थित घर में फंदे से लटककर जान दे दी। सीओ नवाबगंज ने मौके पर जाकर जांच की, लेकिन वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। प्राथमिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।
निजी नर्सिंग कॉलेज में नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र शेरान उर्फ निशु के पिता संजय सागर शहर के निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं। उनके दो मकान हैं, इनमें से एक इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी तो दूसरा भोजीपुरा के मॉडर्न विलेज में है। मॉडर्न विलेज के इसी घर में निशु ने रविवार रात किसी वक्त जाल से रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया। सुबह पड़ोसियों ने खिड़की से उसका शव लटका देखा तो परिवार और पुलिस को सूचना दी। सीओ नवाबगंज और इंस्पेक्टर भोजीपुरा अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर घर खुलवाकर शव उतरवाया।
पिता संजय सागर ने बताया कि शाम को वह डिफेंस कॉलोनी वाले घर से यहां आया था। तब उसने अपनी मां को बताया कि कोई लड़की उसे कॉल कर रही है। उससे मिलने जा रहा है। उन्होंने सोचा कि कोई सहपाठी लड़की रही होगी। बेटा अक्सर मॉडर्न विलेज वाले घर में रुक जाता था तो कोई चिंता की बात नहीं थी। सुबह यह खबर पाकर वह सन्न रह गए। वह नहीं समझ पा रहे कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया। घर में कोई विवाद या समस्या नहीं थी।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मौत की वजह प्रेम प्रसंग लग रही है। हालांकि परिवार सदमे में है और अभी कुछ बता नहीं पा रहा। निशु का मोबाइल टॉयलेट में पड़ा मिला जो पानी में भीग गया है। परिवार से मोबाइल लेकर जांच करने का प्रयास करेंगे कि मौत की क्या वजह रही।
निजी अस्पताल कर्मी ने खाया जहर
बरेली। आंवला के रायपुर गांव निवासी रोहित शहर के एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय है। रविवार रात ड्यूटी के दौरान किसी वक्त उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल वालों ने इसे जहर खाने का मामला बताया और अपने यहां डॉक्टर न होने का हवाला देकर उसके परिवार को सूचना दी। पिता भगवान दास मौके पर पहुंचे और बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को भी उसकी हालत नाजुक थी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी विषाक्त पदार्थ खाने की स्थिति मानी। वजह परिवार के लोग नहीं बता पा रहे थे। कोतवाली पुलिस होश में आने पर रोहित के बयान दर्ज करेगी। ब्यूरो