बरेली। सुभाषनगर उपकेंद्र के विद्युत उपभोक्ताओं की परेशानी दूर होने वाली है। उपकेंद्र को बदायूं राेड के 220 केवी से जोड़ने का काम शुरू हो गया है। इससे ब्रेकडाउन की परेशानी दूर हो जाएगी। हाल में 22 किमी लंबी लाइन परसाखेड़ा 220 से सप्लाई होती है। वहीं अब बदायूं रोड साउथ सिटी 220 केवी से जोड़ने का काम शुरू हो गया है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि परसाखेड़ा से लाइन सुभाषनगर उपकेंद्र तक आती है। इस वजह से कई बार लाइन काफी लंबे समय तक ब्रेकडाउन में जाने की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरडीएसएस के तहत सुभाषनगर उपकेंद्र को बदायूं रोड साउथ सिटी 220 केवी से जोड़ा जा रहा है, जिससे यह समस्या खत्म हो जाएगी। सुभाषनगर के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की समस्या काफी समय से है, जिसको देखते हुए ही यह फैसला लिया गया है। सोमवार को मुख्य अभियंता ने अंडरग्राउंड बिछाए जा रहे तारों का निरीक्षण भी किया।