स्थगित परीक्षाओं के दोबारा आयोजन व शैक्षिक पंचांग के अनुरूप नया सत्र शुरू करने पर जोर
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय अपने यहां दो अप्रैल तक स्थगित परीक्षाओं को शैक्षिक पंचांग के अनुरूप ही आयोजित करेगा। साथ ही रिजल्ट भी इसी के अनुरूप घोषित किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय पंचांग के अनुरूप ही नया सत्र शुरू करने की भी कोशिश की जाएगी। इसके पूर्व आगामी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पाठ्य सामग्री आदि छात्र-छात्राओं को व्हाट्सएप व ई-मेल आदि से भेजने और घर से ही परीक्षा की तैयारियां कराने को कहा गया है।
कुल सचिव सुनीता पांडेय ने सभी संकायाध्यक्ष व विभागाध्यक्षों को जारी एक पत्र में कहा है कि विश्वविद्यालय में दो अप्रैल 2020 से पूर्व की निरस्त परीक्षाओं का पुन: आयोजन करते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि परीक्षा परिणाम पूर्व निर्धारित पंचांग के अनुसार ही घोषित हों। साथ ही नया शैक्षिक सत्र पूर्व निर्धारित पंचांग के अनुसार ही प्रारंभ किया जा सके। इस संबंध में छात्रों को घर पर ही रहकर अध्ययन करने का परामर्श दिया जाए तथा परीक्षा संबंधी पाठ्यक्रम एवं अन्य पाठ्य सामग्री को व्हाट्सएप, ई-मेल एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से उपलब्ध कराया जाए ताकि छात्र घर पर रहकर परीक्षा की तैयारी कर सकें।