बरेली। पुलिस शहर के लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। वहीं, प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा दीं। छात्रों ने कार की खिड़कियों से लटककर पूरे शहर में हुड़दंग काटा। दो स्कूलों के छात्रों के हुड़दंग काटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
प्रेमनगर क्षेत्र के एक नामी स्कूल के छात्रों ने कुछ दिन पहले स्कूल से कारों का काफिला निकाला था। स्कूल के पास गलियों से होकर यह काफिला शहर में मुख्य सड़कों पर निकला। कार के सनरूफ और खिड़कियों से छात्र बाहर निकलकर हुड़दंग काट रहे थे। छात्रों ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। इंस्टाग्राम से छात्रों का यह वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में दिख रहे छात्र प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठित स्कूल की ड्रेस में दिख रहे हैं। स्कूल के पास मैदान में भी छात्रों ने स्टंटबाजी की थी। छात्रों की शर्ट पर भी मार्कर से लिखा हुआ दिख रहा है।
बताया जा रहा है कि अक्सर स्कूल में विदाई समारोह के दौरान ऐसी हरकतें होती हैं। छात्रों का एक अन्य वीडियो भी वायरल हो रहा है इसमें कुदेशिया अंडरपास के पास एक उत्तराखंड नंबर की एसयूवी में सवार लड़के चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर हुड़दंग काट रहे हैं। राहगीरों ने उनका वीडियो बना लिया। यह लड़के एक अन्य स्कूल के बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों वीडियो में दिख रहे अधिकांश छात्र नाबालिग हैं। अमर उजाला ब्यूरो