बिशारतगंज। कस्बे के एक इंटर कॉलेज से छुट्टी के बाद घर लौट रहे दसवीं के छात्रों के दो गुटों में मंगलवार को मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के छात्रों के बीच जमकर बेल्ट व लोहे के कड़े चले। मारपीट में चार छात्र घायल हो गए।
सभी घायलों का मझगवां सीएचसी में मेडिकल कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। दोनों गुट अलग-अलग समुदाय के होने के चलते पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
तहरीर के अनुसार, मंगलवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी होने के बाद छात्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान जूनियर हाईस्कूल के पास किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते-देखते धक्का-मुक्की हो गई। विवाद मारपीट में बदल गया। छात्रों ने एक-दूसरे पर बेल्ट और हाथों में पहने लोहे के कड़ों से हमला कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ छात्रों के हाथों में डंडे भी दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच मौके पर पहुंचे कॉलेज के एक शिक्षक ने झगड़ रहे छात्रों को डांटकर वहां से भगाया।
मारपीट में दोनों पक्षों के चार छात्र घायल हो गए। घायलों का मझगवां सीएचसी में मेडिकल कराया गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि एसएसआई से मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।