बीसलपुर। दियोरिया रोड पर मानपुर चौराहे के पास रविवार को दोपहर ट्रैक्टर और कार की टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई। दूल्हा समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घुंघचाई के गांव दिलावरपुर निवासी सुशील कुमार की बरात रविवार की दोपहर बरेली के गांव अंधरपुरा जा रही थी। कार में दूल्हा सुशील के अलावा गांव दिलावरपुर के ही जगदीश चंद्र, सुरेश चंद्र और अनीस भी थे। रास्ते में दियोरिया-बीसलपुर रोड पर मानपुर चौराहे के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। कार में सवार सभी लोगों के अलावा ट्रैक्टर पर सवार गजरौला के गांव बिहारीपुर नौगवां निवासी विशाल वर्मा, अवधेश कुमार, अनमोल कुमार और गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर गुड्डू चला रहे थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने विशाल वर्मा (17) को मृत घोषित कर दिया। विशाल एक निजी विद्यालय में कक्षा 12वीं के छात्र थे। सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन स्वास्थ्य केंद्र में आ गए थे। दियोरिया पुलिस ने मृतक का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दियोरिया कोतवाल उमेश सोलंकी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
सड़क हादसे के बाद दियोरिया रोड पर लंबा जाम लग गया। ट्रैक्टर व कार को किनारे करने के चलते राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद यातायात सुचारु हो गया।
मृतक विशाल का फाइल फोटो ।