बरेली। कैंट निवासी स्नातक के छात्र ने घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने 32 मिनट 34 सेकंड का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड कर दिया। इसमें उसने प्रेमिका के घरवालों, पुलिसकर्मियों के साथ ही अपने परिवार वालों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
कैंट में धोपेश्वरनाथ मंदिर के पास रहने वाले 22 वर्षीय विजय राठौर ने घर में ही फंदे से लटककर जान दे दी। मंगलवार सुबह दस बजे परिजनों को जानकारी हुई। इससे आधा घंटा पहले ही उसने एक वीडियो यूट्यूब पर अपलोड कर खुदकुशी की बात कही है। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे कि पुलिस पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी च की और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
वीडियो में विजय ने बताया है कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले विरोध में आ गए। उसने खुद को समझा लिया, लेकिन प्रताड़ना जारी रही। प्रेमिका के परिजनों ने कई बार उसकी पिटाई की। कैंट पुलिस को भ्रामक व जाति आधारित उत्पीड़न की शिकायतें देकर उसे परेशान कराया। पुलिस ने उसे पीटा। महिला दरोगा बार-बार बुलाकर परेशान करती रही। आरोप लगाया कि पुलिस ने रुपये लेकर कार्रवाई की। उसे अपने परिजनों से मदद की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने और ज्यादा उत्पीड़न किया।
एसएसपी से न्याय की उम्मीद जताई
वीडियो में विजय ने कहा कि वह मानसिक रूप से परेशान है और पूरी-पूरी रात सो नहीं पा रहा है। आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उसने कहा कि वह इस वीडियो को मुख्यमंत्री व एसएसपी बरेली तक पहुंचाना चाहता है। उसने सुना है कि एसएसपी अच्छे अधिकारी हैं। उसे उम्मीद है कि मौत के बाद उसे न्याय मिलेगा।
मंदिर में मुलाकात के बाद इंस्टाग्राम पर परवान चढ़ा प्यार
विजय ने बताया कि वह और उसके साथी धोपेश्वरनाथ मंदिर में अक्सर सफाई व सेवाकार्य करने जाते हैं। दो साल पहले मंदिर में सेवा के दौरान उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। फिर इंस्टाग्राम पर चैट होने लगी। विजय के मुताबिक, महाशिवरात्रि से पहले प्रेमिका से उसका विवाद हो गया था। करीब एक महीने तक दोनों में बात बंद रही। उसे पता लगा है कि प्रेमिका का परिवार गुपचुप उसकी शादी करने जा रहा है। प्रेमिका से रिश्ते को बचाने के लिए वह गिड़गिड़ाया भी, लेकिन वह नहीं मानी।
स्टेटस पर लगाए धमकी भरे चैट वायरल
विजय की मौत के बाद कई स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि विजय ऐसे सोशल मीडिया स्टेटस लगाकर प्रेमिका व उसके परिजनों को धमका रहा था। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि युवती के परिवार ने विजय के खिलाफ कैंट थाने में शिकायत की तो महिला हेल्प डेस्क कर्मियों ने दोनों पक्ष को बुलाया था। युवती की जल्दी शादी कराने की वजह से उसका परिवार कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने के मूड में नहीं था। विजय के वकील भाई ने भी उसी की गलती बताई थी। तब विजय ने खुद ही माफीनामा लिखकर दिया था। इसके बाद भी वह बाज नहीं आ रहा था।