बरेली के सुभाषनगर की राजीव कॉलोनी में रेलवे तकनीशियन मुकेश कश्यप के 11वीं में पढ़ रहे बेटे मणिक ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिवार के मुताबिक के मणिक को ऑनलाइन परीक्षा में एक पेपर न देने पर पिता ने उसे डांट दिया था।
तनाव में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। राजीव कॉलोनी की गली नंबर 18 में रहने वाले रेलवे तकनीशियन मुकेश कश्यप का बड़ा बेटा 17 वर्षीय मणिक 11वीं का छात्र था। सोमवार रात मणिक छोटे भाई अनय के साथ टीवी पर कार्टून देखकर सोने चला गया।
मां पूनम कपड़े उठाने गईं तो धमाका सुनाई दिया लेकिन उन्होंने ट्रांसफार्मर का फाल्ट समझकर ध्यान नहीं दिया। मुकेश के मुताबिक थोड़ी देर बाद पूनम जब मणिक के कमरे से सटे स्टोर रूम में गईं तो दरवाजा अंदर से बंद पाया।
आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उन्होंने शोर मचाकर तीन-चार लोगों को बुलाकर स्टोर का दरवाजा तुड़वाया। अंदर मणिक लहूलुहान पड़ा था। उसके सिर में सीधी तरफ गोली का निशान था। पास ही तमंचा पड़ा था।