मीरगंज। अब कस्बे में बेहतर पथ प्रकाश की व्यवस्था होगी। 30 बड़े नालों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इस तरह से नगर पंचायत के विकास के लिए कई कार्य कराए जाएंगे। बुधवार को नगर पंचायत मीरगंज के सभागार में अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुमानित आय 28,57,57,000 रुपये व अनुमानित व्यय 28,52,15,000 रुपये निर्धारित किया गया। बैठक में नगर के समग्र विकास के लिए कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 बड़े नालों के निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सफाई उपकरण, पीपीई किट, फावड़ा, पंजी समेत अन्य आवश्यक सामग्री क्रय की स्वीकृति दी गई। कस्बे की पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एलईडी लाइट, विद्युत पोल, बंच केबल आदि लगाए जाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। इसके साथ ही शहर के तालाबों एवं ऐतिहासिक गोस्वामी समाधि स्थल के सुंदरीकरण की योजना को भी मंजूरी दी गई। संवाद
170 सड़कों का होगा निर्माण
बैठक में कुल 170 सड़कों के निर्माण कार्य का भी प्रस्ताव पारित किया गया। इससे नगर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी। बैठक में सभी वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।