फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: इंदिरा मार्केट में आवारा कुत्तों का आतंक, चाय विक्रेता समेत तीन लोगों को काटकर किया घायल

Wed, 12 Aug 2026 05:49 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली के इंदिरा मार्केट में बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने चाय विक्रेता समेत तीन लोगों को काट कर घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार और रेबीज के इंजेक्शन दिए गए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शास्त्री मार्केट में एक व्यापारी को काटे जाने की घटना का मामला अभी ठंडी भी नहीं हुआ था। बुधवार को इंदिरा मार्केट और उसके आसपास के इलाकों में एक आक्रामक कुत्ते ने जमकर तांडव मचाया। इस कुत्ते ने एक चाय विक्रेता समेत तीन लोगों को काटकर घायल कर दिया। इससे स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत का माहौल है।

विज्ञापन


गुलाब नगर के रहने वाले शानू इंदिरा मार्केट में चाय की दुकान चलाते हैं। बुधवार को जब वह दुकानों पर चाय लेकर जा रहे थे, तभी अचानक आवारा कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया और पैर में गहरा जख्म कर दिया। शानू की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़ पड़े और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया। इसी कुत्ते ने कुछ ही देर में इंदिरा मार्केट से गुजर रहे एक अन्य राहगीर और जिला पंचायत परिसर के पास एक अन्य व्यक्ति को काटकर घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के साथ ही रेबीज के इंजेक्शन लगाए। 

कई बार दीं शिकायतें, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई 
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इंदिरा मार्केट और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों का झुंड रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी खामोश बैठे हैं। दुकानदारों ने निगम से कहा है कि जल्द ही इन आवारा कुत्तों को पकड़कर शहर को राहत नहीं दिलाई गई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने भी नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के हर वार्ड और गली में कुत्तों और बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना मुहाल हो गया है। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम तुरंत शहरभर में आवारा कुत्तों की पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए।

शास्त्री मार्केट से आजमनगर तक बढ़ी मुसीबत, घरों से निकलना हुआ दूभर
आवारा कुत्तों का खौफ केवल इंदिरा मार्केट तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और रिहायशी इलाकों में भी कुत्तों का आतंक है। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों के मुताबिक, शास्त्री मार्केट, गली मनिहार और आजमनगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कुत्तों की बढ़ती संख्या और आक्रामक रवैये के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। 

बाजारों में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं और बच्चों में इन आवारा जानवरों को लेकर हमेशा डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि निगम प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, तभी इतनी शिकायतों के बाद भी धड़पकड़ के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। वहीं, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया की टीम को भेजकर कुत्तों को पकड़वाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें