सीओ ने बढ़ाई चौकसी, गांव-गांव बनेंगी सुरक्षा टोलियां, रात में संदिग्धों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
मीरगंज। ठंड और कोहरे का मौसम शुरू होते ही चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए मीरगंज पुलिस अलर्ट हो गई है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने और गांव-गांव सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि चोरी की घटना होने पर संबंधित क्षेत्र के पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सीओ ने सभी थाना प्रभारियों, हल्का प्रभारियों और बीट कांस्टेबलों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों में सुरक्षा समितियां गठित करने और लोगों की टोलियां बनाकर रात्रि गश्त कराने को कहा है। पुलिसकर्मियों को रात के समय गांवों और सुनसान स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने पर तत्काल पूछताछ कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि सर्दियों में लोग जल्दी घरों में सो जाते हैं। कोहरे का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में पुलिस के साथ ग्रामीणों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस क्षेत्र में चोरी की घटना होती है, वहां के हल्का इंचार्ज और बीट कांस्टेबलों की भूमिका की जांच कराकर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।