हाफिजगंज। किसान पर जानलेवा हमले के मामले में भाई की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी पीड़ित के भाई भारत सिंह ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि 26 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे उनका भाई रविंद्र (33) खेत से धान काटकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रंजिश के चलते रास्ते में बांके व गड़ासे से उन पर हमला कर दिया। हमले में रविंद्र का कान कट गया। उनके सिर, चेहरे और माथे व नाक पर भी चोट आई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पिता नत्थूलाल और भाई आकाश को देखकर हमलावर रविंद्र को मरा हुआ समझकर वहां से भाग गए। हालांकि रविंद्र का बरेली में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने भारत सिंह की तहरीर के आधार पर पांचों नामजद देवेंद्र, सूरजपाल, मुखिया, विनोद और रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। संवाद