बरेली। शहर के चारों कोनों पर बनाए जा रहे द्वार पर बीडीए चार करोड़ रुपये खर्च कर पत्थर लगवाएगा। इन पत्थरों पर आकर्षक नक्काशी की जाएगी। साथ ही इस बजट में लाइटिंग भी शामिल है। जुलाई तक चारों द्वार बनकर तैयार होने की बात कही जा रही है।
नाथ काॅरिडोर के तहत शहर में चार द्वार बनाए जा रहे हैं। इनमें एक इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के पास, दूसरा बीसलपुर रोड पर, तीसरा रामपुर-दिल्ली रोड पर व चौथा बदायूं रोड पर बनाया जा रहा है। द्वार बनकर तैयार हो चुके हैं। अब उनमें पत्थर लगाने का काम शुरू हुआ है। विभाग की मानें तो चारों द्वार पर एक-एक करोड़ रुपये से ज्यादा के पत्थर लगेंंगे। इसके लिए बाकायदा टेंडर किए गए हैं।
वहीं, काम में देरी को लेकर बीडीए उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था को चेतावनी जारी की है। 15 दिन में काम पूरा करने को कहा है। स्थिति यह है कि बीसलपुर रोड पर बन रहे द्वार पर पत्थर लगाने का काम शुरू ही नहीं हो सका है। बीडीए के अधीक्षण अभियंता एपीएन सिंह ने कहा कि जल्द ही द्वार पर पत्थर लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।