हाफिजगंज। गांव दुआवट में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पथराव करने के मामले में कार्रवाई न होने पर मंगलवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने एलआईयू से जांच कराने का आश्वासन दिया है, तब ग्रामीण लौट गए।
सोमवार को गांव दुआवट में बाबा साहब की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसमें दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया था। इसमें एक बालक घायल हो गया था, जिसे सीएचसी इलाज के लिए भेज दिया गया था। शिकायत पर गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। मंगलवार को कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एलआईयू से जांच कराने की बात कहकर ग्रामीणों को लौटा दिया।
पुलिस ने पत्थर फेंकने से किय इन्कार
पुलिस का मानना है कि ईंट के टुकड़े किसी ने नहीं फेंके। बल्कि लिंटर से ईंट के टूट कर गिरने से बच्चा घायल हुआ है। नेमचंद्र का आरोप था कि गांव में हर वर्ष की तरह इस बार भी बाबा साहब की जयंती मनाई जा रही थी, तबब दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। इधर, इंस्पेक्टर हाफिजगंज पवन कुमार सिंह ने कहा कि एलआईयू की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद