फरीदपुर (बरेली)। रास्ते में घोड़ी बांधने को लेकर दो समुदाय के लोगों के बीच विवाद हो गया। दबंगों ने दूसरे मोहल्ले में जाकर उत्पात मचाया। एक घर पर ईंट-पत्थर फेंके और हवाई फायरिंग की। एक युवक ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। चौकी प्रभारी ने एक नामजद आरोपी सहित 21 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला कस्सावान निवासी तौफीक अहमद की घोड़ी रास्ते में बंधी थी। मोहल्ला लाइनपार मठिया निवासी श्याम प्रताप उर्फ नन्हे ठाकुर ने तौफीक से घोड़ी बांधने का विरोध किया। इस पर दोनों के बीच गालीगलौज हो गई। आरोप है कि नन्हे ठाकुर वापस अपने मोहल्ले पहुंचा और उसने अपने साथियों को इकट्ठा किया। रविवार देर शाम आरोपी तमंचे लेकर तौफीक के मोहल्ले में पहुंचे और तौफीक के घर पर आरोपियों ने पहले तो ईंट पत्थर फेंके। पीड़ित परिवार ने खुद को मकान में छिपकर दरवाजे बंद कर लिए। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्लेवालों में दहशत फैल गई। दबंगों के डर से एक युवक काफी दूर से मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहा था। दबंगों ने वीडियो बनाने वाले युवक को भी पकड़ लिया और उसको पीटकर भगा दिया। युवक ने देर रात घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस मामले में किसी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। फरीदपुर कस्बा चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने आरोपी श्याम प्रताप उर्फ नन्हे ठाकुर सहित उसके 20 अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद