बारादरी पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल
बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से जेवर, नकदी और चोरी की दो बाइकें बरामद की हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बारादरी पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर ईंट पजाया चौराहे के सामने रेलवे लाइन के पास से दो शातिरों को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने अपने नाम हजियापुर निवासी सलीम और संजयनगर निवासी हिमांशु भाटिया बताए। सलीम के पास से सोने-चांदी के जेवर और तेरह सौ रुपये तो हिमांशु के पास से सोने-चांदी के जेवर, नौ सौ रुपये और एक चोरी की बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने इंद्रानगर के बंद मकान से पांच मई को जेवर और बाइक चोरी की थी। चोरी के बाद माल बराबर बांट लिया था। दोनों बाइक और माल बेचने आए थे, तभी पकड़ लिए गए। चोरों ने यह भी बताया कि एक अन्य बाइक सेटेलाइट बस स्टैंड से चुराई थी। उसके पार्ट्स खोलकर बेच चुके हैं। दोनों की निशानदेही पर सलीम के घर के पास खाली प्लॉट से पुलिस ने एक अन्य बाइक बरामद कर ली।
नशे के लिए करते हैं चोरी
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपी ऑपरेशन नाकाबंदी के दौरान हो रही चेकिंग में पकड़े गए। दोनों ने बताया कि नशे की लत को पूरा करने को पहले छोटी चोरी करते थे। इस बार बड़ा हाथ मारा तो पकड़े गए। सलीम ने बताया कि प्रेमनगर के इंद्रानगर की रेखा सिंह के घर में उन्होंने चोरी की थी। माल व जेवर लेकर निकलते वक्त उन्हें नीचे बाइक खड़ी मिली तो उसे भी चुरा ले गए। तब रेखा सिंह अपनी बहू का इलाज कराने परिवार समेत दिल्ली गई थीं। छह मई को पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी थी। दोनों आरोपी रेखा सिंह के घर से चुराए जेवर और उनके पुत्र की बाइक बेचने की फिराक में थे, तभी पकड़ लिए गए। ब्यूरो