गोदाम पर खाद का स्टॉक होने के बाद भी नहीं दी गई खाद, आक्रोशित किसानों ने किया जमकर हंगामा।
कुआंडांडा। ककरा खुर्द साधन सहकारी समिति पर मंगाई गई एनपीके खाद को लेने पहुंचे किसानों को जब गोदाम इंचार्ज ने खाद नहीं दी तो आक्रोशित किसानों ने वहां जमकर हंगामा किया। गोदाम पर खाद न मिलने से क्षेत्र के लगभग पांच हजार किसान प्रभावित हैं। किसानों ने केंद्र इंचार्ज पर कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है।
ककरा खुर्द साधन सहकारी समिति क्षेत्र से लगभग पांच हजार किसान खाद लेते हैं। गेहूं की बुवाई के लिए किसान काफी समय से एनपीके खाद का इंतजार कर रहे थे। गोदाम पर एनपीके खाद के लगभग 400 कट्टे मंगाए गए। किसानों को जैसे ही पता चला कि गोदाम पर खाद आ गई तो वह लेने पहुंच गए। तभी गोदाम पर तैनात इंचार्ज और कर्मचारियों ने किसानों को खाद देने से मना कर दिया। उन्होंने और खाद आने पर खाद्य वितरण करने का किसानों को आश्वासन दिया, जिस पर किसान आक्रोशित हो गए और उन्होंने गोदाम पर जमकर हंगामा किया।
खाली हाथ लौटे
किसानों ने गोदाम इंचार्ज सहित कर्मचारियों पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह और खाद मंगाने का बहाना करके किसानों को खाद देना नहीं चाह रहे हैं। किसानों के आक्रोश के बाद भी गोदाम वालों ने खाद नहीं वितरित की, जिससे आक्रोशित किसान लौट गए। इस मौके पर शेखापुर के किसान मैशाद खां, राजीव तिवारी, कमरुद्दीन, शमशाद खां, वेदपाल, अम्रती गांव के अमर सिंह, बरखेड़ा के रामनाथ, इटौरिया के नरेश सिंह समेत तमाम लोग रहे। संवाद
दूसरी गाड़ी से आने के बाद खाद का होगा वितरण
गोदाम के अकाउंटेंट जगबीर सिंह ने बताया कि 400 कट्टे एनपीके खाद के गोदाम पर आ गए। दूसरी गाड़ी का इंतजार है, उसके बाद किसानों को खाद वितरण की जाएगी। संवाद