मीरगंज। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्छा खुर्द के पास खड़े ट्रक से शुक्रवार सुबह गुजर रहा तेज रफ्तार कंटेनर टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक फैसल (27) केबिन में फंस गए, जबकि परिचालक घायल हो गया। पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत से निकाला, लेकिन तब तक चालक की मौत हो गई। फैसल बदायूं के बिसौली के उदरपुर गांव के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्छा खुर्द के पास शुक्रवार तड़के चार बजे इंजन फटने से एक ट्रक खराब हो गया था। चालक ने उसको सड़क पर ही खड़ा कर दिया था। बदायूं के बिसौली क्षेत्र के उदरपुर गांव निवासी कंटेनर चालक फैसल थोड़ी देर बाद वहां से तेज रफ्तार में गुजरे। वह दिल्ली से शाहजहांपुर की ओर जा रहे थे। कोई रोधक या संकेतक सामने न होने से सामने खड़े ट्रक में कंटेनर की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद सहारनपुर के सदर बाजार के माहितपुर निवासी कंटेनर परिचालक असलूब अली ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर आई पुलिस ने घायल असलूब को सीएचसी मीरगंज में भर्ती कराया। हादसे में चालक की मौत की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई।
लोगों के अनुसार, हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। हालांकि पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया। संवाद
-
बैरिकेडिंग और निगरानी पर उठाया सवाल
हाईवे पर खराब ट्रक घंटों से वहीं खड़ा रहा। उसके आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया। इस कारण कंटेनर चालक को रुकने का संकेत नहीं मिला और हादसा हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग सुरक्षा इंतजाम और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि हाईवे पर आए दिन वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जो हादसों का कारण भी बन चुके हैं।
-
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच कराई जाएगी कि वहां तैनात पुलिस कितनी सक्रिय है। जिसकी भी गलती या लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अजय कुमार, सीओ मीरगंज
हादसे में घायल किशोर की मौत
फतेहगंज पश्चिमी। नेशनल हाईवे पर सरजू कट के पास हुए सड़क हादसे में घायल 17 वर्षीय किशोर शिवम की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को हाइवे के ट्रांसपोर्ट के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। इसमें थाना मीरगंज के आलमपुर निवासी होमगार्ड विजेंद्र शर्मा, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी अजीम अहमद और स्थानीय थाना के गांव खिरका निवासी 17 वर्षीय शिवम, थाना मीरगंज के नगरिया सादात निवासी प्रदीप घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह शिवम ने दम तोड़ दिया।
सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि शिवम के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। संवाद