गुजरात में फंसे यूपी के करीब 12 सौ मजदूरों को लेकर स्पेशल ट्रेन बुधवार शाम बरेली जंक्शन पर आकर रुकी। मजदूरों ने ट्रेन से उतरना शुरू किया किया तो उनके चेहरों का सुकून देखने लायक था।
किसी ने सरकार को धन्यवाद दिया तो किसी ने ऊपर वाले को। हालांकि यहां से अपने घर जाने के लिए बस ढूंढते वक्त उन्हें प्रशासनिक अव्यवस्था की वजह से काफी देर परेशान भी होना पड़ा।
अहमदाबाद से चली स्पेशल ट्रेन शाम को करीब साढ़े चार बजे जंक्शन पहुंची। ट्रेन में आसपास के तमाम जिलों के मजदूर सवार थे लिहाजा उन्हें यहां से घर तक भेजने के लिए जंक्शन के बाहर ही बसों का इंतजाम किया गया।
रोडवेज के साथ प्रशासन के भी अफसर मजदूरों को घर भिजवाने की ड्यूटी संभाले हुए थे लेकिन इसके बावजूद काफी देर अव्यवस्था का माहौल रहा।