बरेली। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा। मिशन कंपाउंड स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र नेताओं ने इस कार्रवाई को बदले की राजनीति से प्रेरित बताया।
विधायक अताउर रहमान ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्रों के सपनों और उच्च शिक्षा का केंद्र है। सरकार विपक्ष के नेताओं से जुड़े संस्थानों को साजिशन बर्बाद करना चाहती है। यदि कोई कानूनी या प्रशासनिक विवाद है तो उसका समाधान न्यायालय की प्रक्रिया के अनुरूप होना चाहिए। विश्वविद्यालय टूटने से हजारों छात्रों का भविष्य खतरे में आ जाएगा। पेपर लीक और रद्द होती परीक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और किसानों की समस्याओं को उठाया। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे विद्यार्थियों में भय का माहौल बने। इस दौरान सुरेंद्र सोनकर, रविंद्र सिंह यादव, अशोक यादव, शमीम अहमद, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, राजेश मौर्य आदि मौजूद रहे।