बरेली बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस पर निर्दोषों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सपा नेताओं ने मंगलवार को डीआईजी से मुलाकात की। उनसे निष्पक्ष जांच की मांग की।
बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के मामले में आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए डीआईजी अजय कुमार साहनी से शिकायत की है। मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल डीआईजी से मिला और उन्हें बताया कि पुलिस ने गिरफ्तारी का लक्ष्य पूरा करने के लिए ऐसे लोगों को भी मुकदमे में शामिल कर दिया है जो बवाल में वाले दिन बाजार में खरीदारी करने या किसी और काम से आए थे।
सपा नेताओं ने कहा कि बवाल के मामले में कई बुजुर्गों और बच्चों को भी नामजद किया गया है। कोतवाली और बारादरी थाना पुलिस लगातार इस मामले में गिरफ्तारी कर रही है, इसे रोका जाए। डीआईजी ने बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है, वही अब आगे गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई करेगी। किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा लेकिन वीडियो और अन्य साक्ष में जो लोग आरोपी बने हुए हैं उन्हें किसी सूरत में नहीं बक्शा जाएगा। डीआईजी से मुलाकात के बाद सपा नेताओं ने कार्रवाई को लेकर आश्वासन मिलने की बात कही और संतुष्टि जताई।