सिर पर प्लेट मारने का आरोप
मामले में जब भूपेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार कर चुके हैं। बुधवार को हुए कार्यक्रम में भी उन्होंने ऐसा किया। मंच पर बैठे दूसरे नेताओं ने उन्हें शांत करा दिया। बाद में खाना खाते समय उन्होंने मेरे सिर पर खाने की प्लेट फेंककर मार दी। विरोध करने पर हाथापाई की। मैं पिछले आठ सालों से पार्टी से जुड़ा हूं। पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति मेरी जो आस्था है, वह हमेशा बनी रहेगी।
सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने बताया कि लंबे समय से भूपेंद्र सिंह के भाजपा प्रत्याशी के संपर्क में होने की शिकायतें मिल रहीं थी। कई बार स्पष्टीकरण मांगने के बाद भी उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।
भाजपा पर चलाए सियासी तीर
कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के पदाधिकारियों ने आंवला लोकसभा से पार्टी के प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इस दौरान सपा और कांग्रेस के नेताओं ने सत्ताधारी भाजपा पर तीखे प्रहार किए। कहा कि भाजपा जुमलेबाजों की पार्टी बनकर रह गई है। नौजवान, किसान, सरकारी कर्मचारी सभी इस सरकार की नीतियों से दुखी हैं।