बरेली। नेपाल के रास्ते आयात हो रहे ब्राजील, अर्जेंटीना के साेयाबीन व सनफ्लॉवर ऑयल के चलते बाजार में रिफाइंड के दाम कम हुए हैं। रिफाइंड की कीमत में प्रति टिन डेढ़ सौ और प्रति किलो दस से 15 रुपये तक की कमी आई है।
पाम ऑयल निर्यातक देश इंडोनेशिया, मलयेशिया की ओर से निर्यात शुल्क पर 30 फीसदी वृद्धि के बाद पिछले कुछ समय से उपभोक्ता महंगे दाम पर रिफाइंड खरीदने पर मजबूर थे।
कारोबारियों के मुताबिक प्रति किलो करीब डेढ़ सौ के पार पहुंच रहे रिफाइंड ऑयल के भाव अब दस से 15 रुपये तक लुढ़क गए हैं।
वहीं, प्रति 15 लीटर टिन की कीमत में भी 150 से 170 रुपये तक कमी हो गई है। बीते माह पाम ऑयल निर्यातक देश मलयेशिया, इंडोनेशिया ने निर्यात शुल्क में 30 फीसदी बढ़त कर दी।
बढ़ी कीमतों से देश में पाम ऑयल की आपूर्ति प्रभावित हुई। माल बंदरगाह पर पड़ा रहा।
देश में नेपाल से आयतित रिफाइंड से सोयाबीन, सनफ्लॉवर, पाम ऑयल का थोक भाव 138 रुपये प्रति लीटर, फुटकर में 150 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पूर्व में थोक दाम 150 रुपये, फुटकर में 160-165 रुपये प्रति लीटर थे। सरसों तेल थोक में 150, फुटकर में 170 रुपये किलो है। अमर उजाला ब्यूरो