बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बीएड-एमएड विभाग की ओर से शिक्षा और शोध में जनरेटिव एआई विषय पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को शिक्षा में एआई के उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
यूनेस्को की ओर से प्रायोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता इंद्रप्रस्थ कॉलेज गाजियाबाद से डॉ. सुधीर डावरा ने अनुसंधान प्रथाओं को बदलने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के लाभ के बारे में बताया। एआई से संबंधित शैक्षिक उपकरणों की जानकारी दी। डॉ. प्रेरणा मन्ध्यां ने एआई से ऑडियो, वीडियो, एनिमेशन विकसित करने के बारे में बताया। राष्ट्रीय मुक्त संस्थान, नाइजीरिया की वक्ता डॉ. हेलेन तितिलोला ओलोजेदे ने उच्च शिक्षा में शिक्षण और अनुसंधान में जनरेटिव एआई के उपयोग पर संबोधन दिया। संचालन हर्ष शुक्ला ने किया। संयोजिका डॉ. क्षमा पांडे रहीं। सचिव डॉ. नीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्रवेंद्र सिंह बिरला, रानी मौर्य, मधुबाला, अक्षज तिवारी आदि का सहयोग रहा। संवाद
हर्षित मिस्टर, वंदना बनीं मिस फ्रेशर
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में शनिवार को बीटेक-सीएसआईटी द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर पार्टी आयोजित की गई। इसमें प्रदर्शन के आधार पर मिस्टर फ्रेशर हर्षित तिवारी व मिस फ्रेशर वंदना महंत को चुना गया।
बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डॉ. अनीता, नरेंद्र यादव व श्रेयांश शुक्ला ने गीत गाए। मिस्टर पर्सनैलिटी जय यादव, मिस पर्सनैलिटी तनिष्ठा अग्रवाल, मिस्टर परफॉर्मेंस मो. हम्मद अयान व सौरभ को चुना गया। वहीं, मिस परफॉर्मेंस मानसी यादव व सत्य साक्षी बनीं। कार्यक्रम में 1996 बैच के पुरा छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि डीन प्रो. शोभना सिंह रहीं। इस दौरान प्रो. एसके पांडे, डॉ. विनय ऋषिवाल, डॉ. अनीता त्यागी, डॉ. मनोज कुमार, प्रो. एसएस बेदी, प्रो. रविंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। संवाद