बरेली। देवरनिया कस्बे में मां की मौत के तुरंत बाद मामा की हत्या करने का आरोपी सोमपाल नशे में हैवान बन जाता है। उसकी जान बचाने की खातिर मां की जान चली गई तो उसे सदमा लगा था। उसने दोबारा शराब पी ली। इस बीच मामा ने उसे टोककर डंडा मारा तो उसने बिना कुछ सोचे-समझे हंसिये से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। रविवार को थाने से उसे कोर्ट भेजा गया तो नशा उतर चुका था। उसने अपनी हरकत पर पछतावा जताया।
26 साल के सोमपाल ने नशा उतरने पर पुलिस को बताया कि वह अनपढ़ है। मजदूरी करके परिवार पालता है। उसके पिता की पहली पत्नी का निधन हो गया। सुशीला देवी से पिता भीमसेन की दूसरी शादी हुई थी। करीब आठ माह पहले उसके परिवार ने पीलीभीत जिले के मूल निवास गांव जमनिया की जमीन और मकान बेच दिया। वह मामा मोतीराम व कड़ेराम के संपर्क में था तो उन्होंने देवरनिया में घर के पास ही पांच बिस्वा जमीन दिला दी। इससे पहले उसका परिवार कुछ समय मुड़िया जागीर में किराये पर रहा। सोमपाल की मां के कहने पर उसके बड़े मामा कड़ेराम ने अपने घर का एक कमरा रहने के लिए दे दिया था।
दोनों बार नशे में ही भिड़े मामा-भांजे
सोमपाल ने बताया कि 26 अक्तूबर को वह और छोटे मामा मोतीराम दोनों नशे में थे। बहस के बाद वह केन में दो से तीन लीटर पेट्रोल ले आया और खुद को आग लगाने की कोशिश की। जब मां ने उसे ऐसा नहीं करने दिया तो उसने बाइक फूंक दी। कहीं बेटा आग की चपेट में न आए, इसलिए मां बचाने में झुलस गई। नशा उतरा तो सोमपाल मामा के साथ मां का इलाज कराने जिला अस्पताल ले गया। ग्रामीणों ने बताया कि सुशीला के केवल पैर झुलसे थे, लेकिन सही इलाज न मिलने पर सेप्टिक से हालत बिगड़ गई।
एसपी उत्तरी ने बताया कि सोमपाल ने अस्पताल से मां का शव लाकर पहले मामा के दरवाजे पर रख दिया। तब मामा ने उसे फटकार लगाई। कहा कि अपने प्लॉट में शव रखो। तब सोमपाल को फिर गुस्सा चढ़ा। वह शव प्लॉट में ले गया। बाद में मोतीराम ने जब सोमपाल को बहन की मौत का जिम्मेदार बताया तो बात और बिगड़ गई। बताते हैं कि मोतीराम भी उस वक्त नशे में था। जब उसने डंडा मारा तो सोमपाल के सिर पर चोट लग गई। तब सोमपाल ने भी हमला कर दिया। फिर वह बाइक से मां के शव के पास लगाने के लिए धूपबत्ती लेने बाइक से पहुंच गया। तब तक गांव में मोतीराम की मौत का शोर मच चुका था। लोगों ने उसे दुकान पर ही दबोच लिया।