पीलीभीत में अमरिया तहसील क्षेत्र के बरादुनवा गांव के बेटे और राजपूत रेजीमेंट के इलेक्ट्रिक विंग में तैनात फौजी छोटे लाल (40) पुत्र ईश्वरी प्रसाद का लंबी बीमारी से जूझते हुए दिल्ली में निधन हो गया। शनिवार देर रात छोटे लाल ने सैनिक अस्पताल में अंतिम सांस ली। रविवार को जब उनका पार्थिव शरीर सैनिक वाहन से अमरिया पहुंचा तो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सेना की टुकड़ी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम सलामी दी, जिसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया।
छोटे लाल वर्ष 2005 में सेना में भर्ती हुए थे और पहली तैनाती जम्मू-कश्मीर में मिली थी। वर्ष 2012 में उन्हें ट्यूमर की समस्या हो गई थी। अब तक तीन ऑपरेशन हो चुके थे। तबीयत बिगड़ने पर बीते 23 जुलाई को उन्हें दिल्ली के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
गांव लौटे उनके शव के अंतिम दर्शन को भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और नम आंखों से उन्हें विदाई दी। बरादुनवा के ग्राम प्रधान मोहम्मद अकरम ने बताया कि छोटे लाल बेहद सरल और नेकदिल इंसान थे। अमरिया के तहसीलदार, प्रशिक्षु आईपीएस नताशा गोयल आदि मौजूद रहे।
पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
छोटे लाल दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके निधन से पत्नी सरिता, 15 वर्षीय बेटी प्रज्ञा, 12 वर्षीय पलक और 10 वर्षीय बेटा योगेश का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों बच्चे दिल्ली में पढ़ाई कर रहे हैं। अचानक हुए इस दुखद निधन से पूरा गांव शोकाकुल है।