कार्यक्रमों की रूपरेखा
अमर उजाला मां तुझे प्रणाम के तहत 12 अगस्त को डीडी पुरम स्थित शहीद चौक से ‘वॉक फार यूनिटी’ सुबह सात बजे शुरू होगी। 13 अगस्त को चौकी चौराहा के पास स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल से ‘तिरंगा यात्रा’ वाहन रैली सुबह नौ बजे से निकाली जाएगी। 12-14 अगस्त तक सुबह नौ से दो बजे तक एसआरएमएस में निशुल्क ‘कैंसर स्क्रीनिंग शिविर’ लगेगा। 15 अगस्त को सिटी सेंटर एलए मॉल में सामूहिक राष्ट्रगान होगा।
आजादी के पर्व पर स्क्रीनिंग कैंप में पाएं कैंसर से आजादी
कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आजादी के पर्व पर एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज की ओर से ‘देश की आजादी से कैंसर से आजादी तक’ नाम से अभियान 12 से 14 अगस्त तक चलेगा। कैंसर विशेषज्ञ निशुल्क परामर्श देंगे। दर्जनभर जांचें भी मुफ्त होंगी।
मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर आदित्य मूर्ति ने कहा कि कैंप में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा, मुंह, पेट व आंत, प्रोस्टेट, फेफड़े के कैंसर की स्क्रीनिंग होगी। निशुल्क जांचों में मैमोग्राफी, एक्सरे चेस्ट, अल्ट्रासाउंड ब्रेस्ट, फाइब्रोस्कैन, लैरिंगोस्कोपी, अल्ट्रासाउंड टीवीएस, एस पीएसए, एचपीवी डीएनए, सीबीसी, एलबीसी और ऑकल्ट ब्लड स्टूल शामिल हैं। सीटी एब्डोमेन, सीटी थोरेक्स, एस सीईए, एस सीए 19.9, एफएनएसी, बायोप्सी प्रोसीजर्स, मेनोमेट्री, एंडोस्कोपी, कॉलोनोस्कोपी, सीटी, अल्ट्रासाउंड गाइडेड प्रोसीजर्स पर 50 फीसदी की छूट भी मिलेगी।