सर्वे का काम पूरा, नगर निगम में बन रहे नए भवन में स्थापित होगा कमांड सेंटर
बरेली। स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत दिसंबर से शहर में कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। कंपनी के अधिकारियों ने शहर में सर्वे का काम पूरा कर लिया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारी नए साल से पहले शहर को कैमरों से लैस करने की तैयारी कर रहे हैं।
कमांड सेंटर नगर निगम में बन रहे नए भवन में स्थापित किया जाएगा। इस भवन को भी दिसंबर के अंत तक काम पूरा करने के निर्देश मिले हैं। यहीं कमांड सेंटर का कार्यालय होगा। यहीं से स्मार्ट सिटी के सभी वार्डों की निगरानी की जाएगी। पुलिस के साथ डाटा भी यहीं से शेयर किया जाएगा। इसके बाद पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के लिए काम किया जाएगा। क्राइम, ट्रैफिक, कचरा, पार्किंग समेत कोई भी समस्या कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर ट्रैक की जा सकेगी। इसके बाद समस्या को तत्काल संबंधित विभाग को बढ़ा दिया जाएगा। इससे समस्या तो जल्द हल होगी ही, शहर के लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में ऐसा कोई सिस्टम नहीं है, जिससे शहरवासियों को तुरंत समस्या का हल दिया जा सके। स्मार्ट सिटी सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर में लगने वाले कैमरों की संख्या 700 होगी। चौराहों-तिराहों सहित सड़कों के ट्रैफिक की अलग-अलग स्क्रीन पर स्टाफ मॉनिटरिंग भी करेगा।