विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल राहत, चार दिन बाद घिरेंगे बादल
बरेली। हवाओं का रुख बदलने से मौसम का मिजाज भी तेजी से बदल रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की गति बढ़ने से दिन में हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। सोमवार को तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। उन्होंने अगले चार दिन तक धूप खिलने और फिर बादल छाने से ठंड बढ़ने की बात कही है।
हफ्ते भर में दो बार हवाओं की दिशा बदलने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक अरब सागर की ओर से चल रही हवाओं की वजह से यह बदलाव दिखाई दे रहा है। जैसे ही हवा की गति कम हो रही है, गर्म हवाएं हावी हो रही हैं। गति तेज होने पर पहाड़ों की बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड बढ़ रही है। पिछले तीन दिन तक हवा की गति कम रहने से शहर में तापमान में करीब चार डिग्री तक बढ़त हुई। सोमवार को तीव्रता अधिक होने से बर्फीली हवाएं शहर में प्रवेश करने लगीं। इसके असर से दिन में तेज धूप खिलने के बाद भी हल्की ठंड का एहसास होता रहा।
सोमवार को नमी भी 87 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत दर्ज हुई है। चार दिन बाद मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। बादलों के घिरने से ठंड का कहर शुरू होगा। अनुकूल माहौल बनने पर हल्की बारिश की भी संभावना है। आंचलिक मौसम अनुसंधान केेंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 22.9 डिग्री और न्यूनतम चार डिग्री कम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।