बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू कार्यालय में बृहस्पतिवार को छात्रवृत्ति फॉर्म जमा करने पहुंचे छात्र-छात्राओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। छुट्टियों और साइट की धीमी गति के कारण यहां भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई।
सुबह नौ बजे से लाइन में लगे कई विद्यार्थियों का नंबर दोपहर तीन बजे तक आया। सर्वाधिक विद्यार्थी इंजीनियरिंग और कृषि विभाग के थे। इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग के छात्र वंश ने बताया कि वे तीन घंटे से कतार में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि साइट की गति धीमी होने से बायोमीट्रिक प्रक्रिया सुस्त चल रही है। कृषि विभाग के छात्र मोहित ने बताया कि वे तीन दिनों से लगातार दो घंटे कतार में खड़े रहते हैं। इसके बावजूद उनका नंबर नहीं आ रहा। कार्यालय में महिला गार्ड नहीं होने से कतार संभालना भी मुश्किल हो रहा है।
विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंस्ट्रूमेंटेशन सहित कुछ अन्य कोर्स के आवेदन पोर्टल पर शुरू हुए हैं। इन कारणों से बायोमीट्रिक प्रक्रिया के लिए छात्रों की भीड़ बढ़ गई। मीडिया प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि साइट दोपहर में धीमी चलने से छात्रों की भीड़ लगी। विश्वविद्यालय प्रशासन भीड़ नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है। बायोमीट्रिक प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए एक बायोमीट्रिक सेट विभिन्न विभागों में भेजा गया है, जबकि दूसरा डीएसडब्ल्यू विभाग में ही रखा गया है।