फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। नेशनल हाईवे पर रविवार रात तीन बजे पानीपत से हरदोई जा रही स्लीपर बस खंजनपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसा ओवरटेक कर रहे वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ। बस में बैठे नौ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को फरीदपुर सीएचसी में भर्ती कराया है।
बस चालक मेरठ के अटसैनी निवासी वकील ने बताया कि वह 50 यात्रियों को लेकर पानीपत से हरदोई जा रहा था। रविवार रात तीन बजे वह नेशनल हाईवे पर खंजनपुर गांव के सामने पहुंचा। तभी एक वाहन पीछे से तेज रफ्तार से कट मारता हुआ निकला। उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में चली गई।
खाई में खड़े पेड़ों से टकराने के बाद बस आगे जाकर रुक गई। घटना के दौरान बस में गहरी नींद में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वह सीट से इधर-उधर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल यात्री पंकज पाठक निवासी गांव सिलवरी, गीता निवासी पलोरा थाना कांट, फरमान निवासी तिलहर, संदीप निवासी जलालाबाद, सुशील निवासी अल्हागंज, सरोजनी निवासी भानुपुर जिला शाहजहांपुर, अवनीश निवासी गांव कलोवी दातागंज जिला बदायूं, आरती निवासी नयागांव मलहवा जिला हरदोई को फरीदपुर सीएचसी भिजवाया। गनीमत रही कि सभी को मामूली चोट थीं।
उपचार के बाद सभी को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि एक बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर गई थी। यात्रियों को मामूली चोट थी, उन्हें उपचार के बाद घरों को भिजवाया गया।