बरेली। साइबर ठगों ने बुजुर्ग के पेंशन खाते से छह लाख रुपये उड़ा दिए। जब रुपये निकालने बैंक गए तो उन्हें ठगी के बारे में पता चला। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर के मोहल्ला भूड़ कानून गोयान निवासी आनंद मोहन ने साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि वह लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनका पेंशन खाता उनके व उनकी पत्नी के संयुक्त नाम से बैंक में है। 29 मई को जब वह पेंशन खाते से रुपये निकालने गए तो पता चला कि उनके खाते में पर्याप्त राशि नहीं है।
खाते में छह लाख रुपये के आसपास राशि जमा थी। जानकारी करने पर पता चला कि किसी साइबर ठग ने अप्रैल में ही ये रुपये निकाल लिए थे। आनंद मोहन के खाते से एक नंबर लिंक करवाकर ऐसा किया गया।
ठगी के बाद उन्होंने लिंक नंबर को हटवा दिया और खाते को फ्रीज करा दिया। उनकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि एटीएम बूथ के जरिये खाते से रुपये निकाले गए हैं। किसी करीबी पर ही शक है। ठगी हुई रकम वापस कराने का प्रयास किया जा रहा है।