फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: रोडवेज बसों में किराया आधा, जंक्शन पर भीड़ रही ज्यादा

Tue, 09 Jun 2026 02:03 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ने पर पहले से किए गए इंतजाम धरे रह गए। रोडवेज बसों में भले ही अभ्यर्थियों को किराये में 50 फीसदी की छूट दी गई, पर भीड़ जंक्शन पर ज्यादा रही। ट्रेनें ठसाठस होकर चलीं। कई रूटों पर रोडवेज बसों की भी किल्लत रही। दोनों पालियों की परीक्षा छूटने के बाद शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर जाम भी लगा। जंक्शन पर आपाधापी की स्थिति रही। अतिरिक्त हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम बनाए जाने के बावजूद परीक्षार्थियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
विज्ञापन

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए शहर में सबसे बड़ा केंद्र बरेली कॉलेज रहा। पहले दिन दोनों पालियों में यहां 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। रविवार रात से ही अभ्यर्थियों का बरेली आना शुरू हो गया था। पहली पाली में दोपहर 12 बजे और दूसरी में शाम पांच बजे परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों के बीच घर पहुंचने को लेकर आपाधापी की स्थिति रही। विशेष ट्रेनों के संचालन के बावजूद कई नियमित ट्रेनों के कोचों पर भी अभ्यार्थियों का कब्जा रहा।
रोडवेज की ओर से 140 बसें लगाने का दावा भी बेदम साबित हुआ। आगरा, अलीगढ़, हरदोई, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत, हाथरस आदि रूटों पर बसों की कमी के कारण अभ्यर्थियों को भटकना पड़ा।
विज्ञापन

मुरादाबाद-सीतापुर के बीच ऐन मौके पर चलानी पड़ी विशेष ट्रेन
इज्जतनगर मंडल की ओर से रविवार को ही दो जोड़ी परीक्षा विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी गई थी। मुरादाबाद रेल मंडल ने बरेली और मुरादाबाद में चार गाड़ियों के रैक आरक्षित किए थे। सोमवार को ट्रेनों पर दबाव बढ़ने के बाद ऐन मौके पर मुरादाबाद-सीतापुर के बीच 04302 परीक्षा विशेष ट्रेन चलानी पड़ी। इस गाड़ी को रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर स्टेशनों पर ठहराव दिया गया। मंगलवार को भी मुरादाबाद-सीतापुर के बीच दो परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
कई गाड़ियों को दिया गया अतिरिक्त ठहराव
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सोमवार को जंक्शन पर अवध-असम एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया। अतिरिक्त अनारक्षित व आरक्षित टिकट काउंटर भी खोले गए। जंक्शन पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान, स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर जीआरपी एके वर्मा समेत अन्य अधिकारी लगातार राउंड पर रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें