मौर्य नगर में बंद मकानों को बनाया निशाना, परिवारों के बाहर रहने का उठाया फायदा
मीरगंज। थाना क्षेत्र के मौर्य नगर में चोरों ने एक ही रात में छह बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर घरों के मुख्य गेट के ताले काटकर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद भाग गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, एक साथ छह घरों में चोरी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
लोगों के अनुसार, सोमवार रात चोरों ने मौर्य नगर में नरेंद्र मौर्य, राजेंद्र मौर्य, राजपाल मौर्य समेत छह लोगों के बंद घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों के मुख्य गेट पर लगे तालों को काटा और अंदर दाखिल होकर कीमती सामान चोरी कर लिया।
बताया गया कि वीरेंद्र मौर्य, कंचनलाल मौर्य और प्यारे लाल मौर्य सगे भाई हैं। परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली में रहकर काम करते हैं, जबकि कुछ हरियाणा के रोहतक में ठेला लगाकर सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिवारों के घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवारों में हलचल रही।
सीओ अजय कुमार ने बताया कि सीसी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद कार्रवाई कर घटना का खुलासा किया जाएगा।