बरेली। होली पर चालकों-परिचालकों की कमी के बीच राडवेज बसों के संचालन की चुनाैती से जूझेगा। हालांकि, इसके लिए अभी से तैयारी की जा रही है। 28 फरवरी से नौ मार्च तक सभी कार्मिकों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। लगातार काम करने वाले चालकों-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
परिक्षेत्र के चार डिपो बरेली, बदायूं, पीलीभीत और रुहेलखंड में 130 चालक और 110 परिचालकों की कमी है। इन डिपो में रोडवेज के बेड़े में निगम की 600 बसें हैं। अनुबंधित बसों की संख्या 106 है।
अनुबंधित बसों पर चालक उपलब्ध कराना बस मालिक की जिम्मेदारी है, जबकि परिचालक रोडवेज का होता है। 16 फरवरी को मुख्यालय भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, बरेली डिपो में 50 चालक और 53 परिचालकों की कमी है। इसी तरह रुहेलखंड में डिपो में यह संख्या 38 व 28 है। बदायूं डिपो में 37 और 19 व पीलीभीत डिपो में नौ चालक व 10 परिचालकों की कमी है।
होली के दौरान चालक-परिचालकों की कमी के कारण पूरी क्षमता के साथ परिक्षेत्र के बेड़े के बसों का संचालन करने में समस्या हो सकती है, लेकिन अधिकारी इसे नकार रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी रूट पर समस्या नहीं होती। नौ दिन तक ड्यूटी करते हुए निर्धारित किलोमीटर पूरी करने पर चालक-परिचालकों के लिए 400 से 450 रुपये प्रतिदिन तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।