कुंडराकोठी। ब्लॉक रिछा (दमखोदा) के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर अपने को एडी बेसिक का रिश्तेदार बताकर हड़काने और प्रताड़ित करने समेत कई गंभीर आरोप लगाकर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से शिकायत की है।
ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र का आरोप है कि विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने अपने को एडी बेसिक का रिश्तेदार बताकर उन्हें बेवजह परेशान करते हैं। वह गलत भावना रखते हैं। शिक्षामित्र का आरोप है कि उक्त इंचार्ज प्रधानाध्यापक चार जुलाई को शराब के नशे में उसके कक्षा में आए और अभद्र व्यवहार करने लगे। इंचार्ज प्रधानाध्यापक और शिक्षामित्र में बढ़ते विवाद पर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने शिक्षामित्र को पास के विद्यालय में संबद्ध कर दिया है।
शिक्षामित्र का कहना है कि उक्त इंचार्ज प्रधानाध्यापक कहते हैं कि संबद्ध विद्यालय से उसे वापस बुलाकर रहेंगे। इधर, इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
शिक्षामित्र का शिकायती पत्र मिला है, जिसमें उसने इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
- जगदीश कुमार, बीईओ रिछा ब्लॉक