रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक ने ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने के दिए निर्देश
बरेली। त्योहार पर यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के लिए रोडवेज अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो के एआरएम को सभी बसें दुरुस्त करने निर्देश दिए हैं। रेलवे भी जंक्शन से गुजरने वाली रूटीन की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाएगा।
दशहरा, छठ त्योहार मनाने के लिए घर जाने वालों की रोडवेज और ट्रेनों में सवारियों की भीड़ उमड़ती है। बरेली में काफी संख्या में लोग अन्य जिलों के लोग रहते हैं। ज्यादातर लोगों घर जाने से बस और ट्रेनों में मारामारी का आलम रहता है। यात्रियों का सफर सुविधाजनक करने के लिए रोडवेज और रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बरेली जोन के चारों डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और वर्कशाप के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्हें ज्यादा से ज्यादा बसें ऑनरोड रखने को कहा गया है। वर्कशाप में खड़ी खराब बसों की मरम्मत कराकर आमदनी वाले रूटों पर चलाने के लिए तैयार रहने के लिए निर्देश दिए हैं। साधारण बसों के साथ एसी बसें भी चलाई जाएंगी। साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि स्टाफ की छुट्टियां रद्द करने का आदेश अभी मुख्यालय से नहीं आया है।
तैयारियों को लेकर बैठक आज
त्योहार स्पेशल बसों के संचालन को लेकर रोडवेज में बुधवार को बैठक बुलाई गई है। बैठक में बरेली, रूहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो के अधिकारियों के साथ वर्कशॉप के अधिकारी भी शामिल होंगे। उन्होंने सभी एआरएम को त्योहारों पर चौकस रहने को भी कहा है।
रेलवे अतिरिक्त कोच लगाकर चलाएगा ट्रेनें
रेलवे ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने कुछ दिन त्योहार स्पेशल ट्रेनों की सूची जारी की है। सात जोड़ी ट्रेनों का ठहराव जंक्शन पर है। यात्रियों को असुविधा न हो, ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की भी तैयारी है। मुरादाबाद रेल डिवीजन के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि यात्रियों को दिक्कत हो, जरूरत पड़ने पर कोच भी बढ़ाए जाएंगे।
यात्रियों की सहूलियत के लिए त्योहार पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सभी एआरएम बसें दुरुस्त रखने के भी दिए गए है। आरके त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज