बरेली। क्लासिक ग्रीन रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी के निवासी इन जलभराव से परेशान हैं। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत क्षेत्र में नई सीवर लाइन बिछाने के लिए की जा रही खोदाई के दौरान पुरानी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ठीक करने की बजाय अधिकारियों ने इसे बंद कर दिया है। नतीजतन, घरों का गंदा पानी सड़कों पर भर रहा है।
सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह गिल ने बताया कि सड़क पर भरे गंदे पानी और उससे उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण घरों में बैठना भी दूभर हो गया है। जलभराव की वजह से मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों के फैलने की गंभीर आशंका पैदा हो गई है।
लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम के सहायक अभियंता अजीत कुमार, अवर अभियंता सुमित शर्मा और सुपरवाइजर राजू भारती को कई बार मौके पर बुलाकर स्थिति दिखाई गई, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ। समस्या को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई हैं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।