बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहे मासूम को पड़ोसी के कुत्ते ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। घटना की तहरीर ग्रामीण ने थाना नवाबगंज में देकर कार्रवाई की मांग की है।
टांडा सादात गांव के मैसर अली अपने परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि उनके मकान के पास रहने वाले एक ग्रामीण ने विदेशी नस्ल के आठ कुत्ते पाल रखे हैं। वह दिन में बांध कर रखते हैं। रात में खोल देते हैं। सोमवार की सुबह उनका सात वर्ष का बेटा मकान के पास खेल रहा था।
इसी बीच खूंखार कुत्ते ने बेटे के ऊपर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पड़ोसियों ने ईंट-पत्थर मारकर कुत्ते से बच्चे को आजाद कराया। आनन-फानन में मैसर अली ने घायल बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की तहरीर मैसर अली ने थाना नवाबगंज में देकर कार्रवाई की मांग की है।