हाफिजगंज और भुता में रहने वाले पीड़ितों ने एसएसपी से की शिकायत
बरेली। हाफिजगंज के गांव भीकमपुर में रहने वाले दिनेश कुमार समेत सात लोगों से एफसीआई में संविदा पर नौकरी लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी रकम वापस मांगने पर अब उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने बुधवार को एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
हाफिजगंज के गांव भीकमपुर निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले वह भर्ती की जानकारी के लिए अपने परिचित भुता के गांव अठायन निवासी परमेश्वरी दयाल, खेमकरन लाल, काली चरन, बसंत कुमार, हरीश कुमार और रुकुम सिंह के साथ एफसीआई कार्यालय गए थे जहां मिले कुछ लोगों ने खुद को एफसीआई का कर्मचारी बताते हुए संविदा पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
बातचीत के बाद भुता के गांव अठायन में रहने वाले मुख्य आरोपी ने उन सभी को अपने गांव बुलाया। सभी के शैक्षिक प्रमाण पत्र लेकर जल्दी ही नौकरी लगने का आश्वासन दिया। कुछ सप्ताह बाद एक आरोपी ने उन्हें बुलाकर नियुक्ति पत्र दिखाए और सिक्योरिटी मनी के तौर पर दो-दो लाख रुपये देने को कहा। उन्हें बताया कि जल्द ही नियुक्ति पत्र उनके घर पहुंच जाएगा।
उन लोगों ने 14 लाख रुपये एकत्र करके आरोपियों को दे दिए लेकिन कई महीने बाद भी नियुक्ति पत्र घर नहीं पहुंचे। पिछले दिनों वे लोग एफसीआई कार्यालय पहुंचे तो पता लगा कि उनका पूरा गैंग है और वे ठगी करते हैं। 24 अक्तूबर को वे लोग आरोपी के गांव अठायन पहुंचे और रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन लोगों ने भुता पुलिस से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो बुधवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिले। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।