चार बीघा जमीन पर 20 साल से थी रार
चार बीघा जमीन को लेकर सुरेंद्र और सुखदेव के बीच 20 साल से ठनी थी। कई बार मारपीट भी हुई। पांच मुकदमे भी लिखे गए, लेकिन विवाद सुरेंद्र की मौत के बाद भी नहीं निपटा। सुरेंद्र की हत्या का दोषी उसका तहेरा भाई सुखदेव पेशे से वकील है। सुरेंद्र की किच्छा नदी के पास चार बीघा जमीन थी। नदी की धारा बदलने पर यह जमीन बाहर आ गई। सुरेंद्र के तहेरे भाई सुखदेव ने उस पर कब्जा कर लिया। कुछ अन्य लोगों की जमीन भी उसने जोत ली थी। सुखदेव वकालत के पेशे से जुड़ा था। ऐसे में सुरेंद्र की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने देता था।
सुरेंद्र और उसके भाई महेंद्र ने बार काउंसिल ऑफ यूपी में सुखदेव का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की मांग भी की थी। अन्य लोग भी सुखदेव की शिकायत करते रहे। इस दौरान वर्ष 1997, 2007, 2010, 2020 और 2021 में दोनों पक्षों में संघर्ष के बाद मुकदमे दर्ज हुए। गांव के सात अन्य लोगों की जमीन भी सुखदेव जोत रहा था। ये लोग भी शिकायतें कर रहे थे। इसके बावजूद सुखदेव के रसूख के चलते उनकी जमीन कब्जा मुक्त नहीं हो सकी। इसी विवाद में सुरेंद्र की हत्या कर दी गई।