एसपी देहात समेत कई थानों की पुलिस ने की इकलौते बदमाश से पूछताछ
बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में टेंपो ड्राइवर की सजगता से पकड़े गए बदमाशों ने पिछली सर्दी में नया गैंग बनाकर वारदातें शुरू की थीं। गिरोह के एक सदस्य से पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाली बातें पता लगीं तो आसपास की गई कई वारदातों का खुलासा हो गया।
पुलिस की पकड़ में आए बदमाश भोजीपुरा क्षेत्र के साजिद से एसपी देहात डॉ. संसार सिंह, एसपी सिटी रविंद्र कुमार ने इज्जतनगर थाने आकर पूछताछ की। साजिद ने बताया कि आसपास गांवों के सात लोगों ने मिलकर गैंग बनाया था। पिछली सर्दी में उन्होंने खूब वारदातें की थीं। फिर गर्मी के दिनों में वही रकम से खर्चा चलाया और जरूरत पर मजदूरी कर ली। इस सर्दी कोहरा शुरू होने के साथ ही वह लोग फिर से मिले और चोरी, लूट व राहजनी की योजना तैयार की। लगातार कई दिन से वह इसी इलाके में घटनाएं कर रहे थे। कभी एक-दो साथी नहीं आते थे। शुक्रवार रात भी सात में से पांच लोग ही वारदातें करने निकले थे। शुरू में दो-तीन लोगों को लूटा भी पर बाद में टेंपो ड्राइवर की वजह से पकड़ गए।
एसएसपी ने भी ड्राइवर और साजिद से रात में ही थाने में जाकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि यह लोग लंबी दूरी तक पैदल चलते थे और खेतों के किनारे के संपर्क मार्गों पर वारदातें करते थे। सामने पुलिस या खतरा देखकर खेतों में चले जाते थे। तमंचों व चाकू को कमर पर अंगोछे व मफलर के नीचे बांधकर चलते थे। साजिद ने बताया कि सर्दी और घने कोहरे की वजह से पुलिस उन्हें मिलती ही नहीं थी। एकाध बार पुलिस इन्हें मिली भी तो खेत से लौटते किसान समझकर चली गई।
चावड़ और मुड़िया समेत कई वारदातें खोलीं
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने चावड़, मुड़िया व आसपास के गांवों में लूट, राहजनी जैसी घटनाएं की थीं। 11 दिसंबर की रात चावड़ निवासी हरिओम शर्मा, मुड़िया निवासी हनीफ के घर में लूट की थी। पुलिस ने उस मामले को दो दिन बाद चोरी में दर्ज किया था। अब पुलिस इसे फिर लूट स्वीकार कर रही है। बदमाशों ने इन वारदातों के साथ ही पहले भी कलापुर पुलिया मार्ग पर राहगीरों से लूट की वारदातें स्वीकार की हैं। कई थानों के प्रभारी व दरोगा साजिद से बातचीत कर अपने इलाके की घटनाओं से जुड़ाव तलाशने में जुटे हैं। पुलिस टीमें बाकी दोनों बदमाशों की तलाश कर रही हैं ताकि उनके सहारे दूसरी अनसुलझी वारदातें खोली जा सकें।
टेंपो ड्राइवर ने अज्ञात में कराई रिपोर्ट
बदमाशों को पकड़वाकर हीरो बने टेंपो ड्राइवर जितेंद्र सिंह ने अफसरों की पूछताछ और मीडिया के सवालों से परेशान होकर अपना मोबाइल ही बंद कर लिया। इससे पहले उसने इज्जतनगर थाने में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई। बताया कि इन लोगों ने उसे रोककर पहले नौ सौ रुपये लूटे। फिर टेंपो कब्जे में लेकर उसे चलने को बोला। चौकी के पास होमगार्डों को देखकर बदमाश चिल्लाए कि यहां चौकी है, टेंपो मत रोकना। इनमें से एक बदमाश ने स्टेयरिंग पकड़कर खींच लिया, तब उसने ब्रेक लगा दिए और टेंपो गिर गया। दो बदमाश इसके नीचे दबे और वह चौकी में शोर मचाता भाग निकाळ बाकी बदमाश फायरिंग करते भाग निकले।
दो तमंचे बरामद
पुलिस ने दो बदमाशों के पास से दो तमंचे बरामद किए हैं। कुछ कारतूस भी मिले हैं। साजिद ने बताया कि फरार होने वाले उसके साथियों पर और हथियार थे।