बरेली। उद्यान विभाग की ओर से निर्धारित नकद मूल्य पर उच्च गुणवत्ता के आलू के बीज का वितरण शुरू किया जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले को कुफरी मोहन, कुफरी आनंद, कुफरी ख्याति और कुफरी चिप्सोना-1 प्रजातियों का कुल 199 क्विंटल बीज आवंटित हुआ है।
यह विभागीय दरों पर किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन पोर्टल https://potato.uphorticulture.in पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। आवेदन के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खसरा-खतौनी आदि दस्तावेज जरूरी हैं।
वितरण व्यवस्था के तहत बीज की बुकिंग के समय 25 प्रतिशत धनराशि और बीज प्राप्त करते समय 100 प्रतिशत धनराशि जमा करनी होगी। अधिकतम अनुदान राशि 1,000 रुपये प्रति क्विंटल डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इस योजना का लाभ प्रति कृषक अधिकतम दो हेक्टेयर के लिए और प्रति प्रजाति अधिकतम 0.50 हेक्टेयर तक ही देय होगा। पोर्टल पर आवेदक किसानों को कम-से-कम दो प्रजातियों का चयन करना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में सहायता के लिए डेलापीर स्थित जिला उद्यान अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।