लखीमपुर खीरी। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने जीसीए मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड से चार अरब 28 करोड़ सात लाख 11 हजार 396 रुपये की वसूली के लिए आरसी जारी की है, जिस पर तहसील प्रशासन ने कंपनी की मोहल्ला गणेशनगर स्थित 8788.049 वर्ग फीट जमीन को जब्त कर लिया है। साथ ही जमीन पर काबिज दुकानदारों को हटने के आदेश दिए हैं।
शहर में स्टेशन रोड पर करीब 10 साल पहले जीसीए मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से चिट-फंड कंपनी का दफ्तर खोला गया था, जिसके बाद 2015 में यह कंपनी दफ्तर बंद करके फरार हो गई थी। तहसीलदार सदर उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि सेबी ने बकाया वसूली के लिए आरसी जारी की थी, जिस पर एसडीएम ने अचल संपत्तियों की कुर्की का आदेश जारी किया था। कंपनी के नाम मोहल्ला गणेशनगर में जमीन थी, जिसे जब्त कर लिया है। खतौनी में संपत्ति को जब्त किए जाने का उल्लेख दर्ज कराया गया है। इससे इस जमीन की बिक्री, दान नहीं किया जा सकेगा। कुल बकाया के मुकाबले जमीन की कीमत कम है। तहसीलदार ने बताया कि कंपनी की अन्य जगहों पर भी जमीनें हैं, जिन्हें तलाश कर उन्हें भी जब्त किया जाएगा।