कोहरे के साथ सर्द हवा ने कंपकंपाया
पीलीभीत जिले में मंगलवार शाम से छाया घना कोहरा देर रात के बाद पानी की बूंदों की तरह टपकने लगा। बुधवार की सुबह 11 बजे के बाद तक यही स्थिति रही। कोहरे के साथ चल रही सर्द हवा ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को सर्दी के कारण खासी परेशानी हुई। वहीं लोग घरों में ही दुबके रहे। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर आवाजाही बढ़ी। लखीमपुर खीरी जनपद भी कोहरा और सर्दी की चपेट में है। मंगलवार की तरह बुधवार को भी सुबह से शहर समेत ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ ही गलन भी बढ़ गई, जिससे लोगों को ठंड अब ज्यादा सताने लगी। बुधवार को सुबह तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बरेली में स्कूलों का समय बदलने की मांग
बरेली में ठंड और घने कोहरे से स्कूली बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग की है। वर्तमान में इन विद्यालयों का समय सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे तक है। कोहरे में बच्चों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। हादसों का भी अंदेशा है। उन्होंने विद्यालयों के संचालन का समय सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक किए जाने की मांग की है।