आंवला। अनुसूचित जाति की किशोरी को एक युवक फुसलाकर ले गया। बाद में धर्म परिवर्तन करवाकर उसके साथ निकाह कर लिया। किशोरी के पिता ने आरोपी युवक के परिजनों से इसका विरोध जताया तो उनकी पिटाई कर दी गई। विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के सदस्यों के साथ पीड़ित थाने पहुंचा तो छह लोगों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को दूसरे समुदाय के दो युवक शनिवार को आधार कार्ड में संशोधन कराने के बहाने बुलाकर ले गए थे। वह काफी देर तक नहीं लौटी तो बेटी के बारे में जानकारी करने पिता आरोपियों के घर पहुंचे। पूछताछ करने पर आरोपियों के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी का धर्म परिवर्तन करवाकर उसका निकाह करा दिया गया है। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया।
इसके बाद में किशोरी के पिता हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोहल्ला खेड़ा निवासी उवैश उर्फ पोका, अनवर, लल्ला, सोनी व दो अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद