अगर आपको एसबीआई में खाता खुलवाना है या डेबिट कार्ड लेना है तो किसी ब्रांच में जाने की जरूरत नहीं है। भारतीय स्टेट बैंक ने ‘इन टच’ नाम से पेपर लेस बैंकिंग सुविधा शुरू कर दी है। इसमें उपभोक्ता स्वयं अपना कार्य टच स्क्रीन मशीन के जरिये पूरा करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली पहला शहर है जहां इस सेवा का लाभ लिया जा सकता है।
भारतीय स्टेट बैंक ने मंडल कार्यालय परिसर में सोमवार से ‘इन टच’ सुविधा शुरू की। इसके तहत ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार स्वयं बचत बैंक खाता खोल सकेंगे, पैसा निकाल सकेंगे, जमा कर सकेंगे। इसके अलावा किसी अन्य खाते में पैसा जारी करने, बैंक और उत्पाद संबंधी जानकारी हासिल करने, विशेषज्ञों से आनलाइन बात, डेबिट कार्ड छपाई, बीमा, म्युचुअल फंड, डीमेट, डिजिटल साइनेज आदि सुविधाएं ‘इन टच’ पर उपलब्ध हैं। ग्राहकों को गाइड करने के लिए प्रबंधन सहायक भी तैनात हैं। नई व्यवस्था के जरिये अभिभावक या विद्यार्थी इन्स्टीट्यूट आदि की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।
नई पीढ़ी की उम्मीद
‘इन टच’ सेवा शुरू करते हुए उप महाप्रबंधक सुनील वढ़ेरा ने बताया कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप इस व्यवस्था को तैयार कराया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहली शाखा बरेली में खोली गयी है। कानपुर और लखनऊ में यह सुविधा पहले शुरू हो चुकी है। इस मौके पर प्रिया गंगवार, आरके गौड़, गौतम सेन गुप्ता, अरुण मेहरोत्रा, अशोक कुमार, ऋचा मिश्रा, राजेंद्र शर्मा, सुधीर गुप्ता आदि मौजूद रहे।
क्या है ‘इन टच’
बैंक शाखा में एक मशीन रखी जायेगी जो टच स्क्रीन होगी। इसका उपयोग उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार ठीक उसी तरह कर सकेंगे जैसे एटीएम का करते हैं। इस मशीन के जरिये खाता खोलने, डेबिट कार्ड लेने आदि का कार्य किया जा सकता है। इंटरनेट बैंकिंग आदि की भी व्यवस्था उपभोक्ताओं को दी जायेगी। चूंकि पूरी प्रक्रिया में टच स्क्रीन का प्रयोग उपभोक्ता स्वयं करते हैं इसीलिए इसे ‘इन टच’ नाम दिया गया है।