बरेली। सावन के आखिरी सोमवार पर मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की नजर से होकर जत्थे निकल रहे हैं। कई मंदिरों पर सुरक्षा के मद्देनजर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। महिलाओं के साथ अभद्रता करके कोई शहर का माहौल न बिगाड़ दे। इसके लिए मंदिरों पर आरएएफ के महिला जवान और महिला सिपाहियों को लगाया गया है।
शेरगढ़, पहाड़पुर, दुनका आदि गांवों जिले के दो दर्जन गांवों में जरा-जरा सी बात पर टेंशन होने के बाद सावन का महीना शुरू होते ही मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सात नाथों में रूद्राभिषेक और विशेष कार्यक्त्रस्म आयोजित किए जा रहे हैं। शहर के 54 मंदिरों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था करके जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। पुलिस की टीमें सिविल ड्रेस में तैनात हैं। मंदिर में सुबह से ही रूद्राभिषेक शुरू हो जाएगा। कछला से गंगा जल लाने वालों के लिए पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होगी। रामगंगापुल पुलिस चौकी के पास कैंप लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है। कांवड़ियों के जत्थों के ठहरने से स्थानों पर भी पुलिस तैनात हैं। पंचायत चुनाव में माहौल बनाने के लिए खुराफाती बवाल न करा दें। इसे लेकर भी पुलिस और प्रशासन के अफसर एलर्ट हैं।
शिवभक्तों के आने के रूट
-बरेली में करीब 80 फीसदी कांवड़िए कछला घाट से जल लेकर बदायूं रोड से आकर मंदिरों पर जल चढ़ाएंगे।
-करीब बीस फीसदी कांवड़िए गढ़ मुक्तेश्वर घाट और हरिद्वार से भी गंगा जल लाकर सोमवार की सुबह से ही शिव मंदिरों पर पहुंच जाएंगे।
शहर में नहीं घुसेंगे भारी वाहन
-बदायूं रोड पूरी तरह से ब्लाक कर बड़े वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। बसें को भी बदायूं से कुंवरगांव के रास्ते आंवला होते हुए बरेली की तरफ निकाला जाएगा। बरेली से बदायूं की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग से भेजा गया। डायवर्जन रविवार को रात आठ बजे से लागू होने के बाद सोमवार को चार बजे तक रहेगा।
-बरेली से आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। नैनीताल पीलीभीत रोड से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाईपास, बीसलपुर रोड, भुता और फरीदपुर से शाहजहांपुर की ओर निकाले जाएंगे।
-मुरादाबाद से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन नेशनल हाईवे से रामपुर, बरेली बड़ा बाईपास होकर निकाले जाएंगे। बरेली से रामपुर, मुरादाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होकर निकलेंगे।
0-बरेली से दिल्ली जाने वाली भारी वाहन वाया देवचरा, भमौरा, आंवला, विसौली, सहसवान होकर निकलेंगे। छोटे वाहन मुरादाबाद होकर निकल जाएंगे।
0-पुराने बस अड्डे से रोडवेज बसों को पीलीभीत बाईपास से विलयधाम होकर बड़े बाईपास पर निकाला जाएगा। सेेटेलाइट बस अड्डे से जाने वाली बसों को भी पीलीभीत बाईपास होकर निकाला जाएगा।
-कानून किसी को भी हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। सावन पर शिवभक्तों को कड़ी सुरक्षा में मंदिरों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। हर सड़क पर पुलिस कांवड़ियों के जत्थों के साथ चल रही है। किसी को परेशानी नहीं हो दी जा रही है। इसलिए आस्था के साथ जलाभिषेक करें। इसके बाद भी किसी ने व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो कार्रवाई होगी- धर्मवीर यादव, एसएसपी
तीन बड़े जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन एलर्ट
बरेली। सावन के आखिरी सोमवार को निकलने वाले जुलूसों को लेकर पुलिस-प्रशासन की परीक्षा की घड़ी आ गई है। सोमवार को हिंदू जागरण एकता समिति के अध्यक्ष शिव कुमार बरतरिया की अगुवाई में स्कूटर मोटर साइकिल तपेश्वर नाथ मंदिर से यात्रा निकलेगी। शिव सेना के महानगर प्रमुख पंकज पाठक की अगुवाई में सुबह सात बजे अलखनाथ मंदिर से जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। इसमें ट्रैक्टर-ट्राली, मैजिक स्कूटर मोटर साइकिलें, टेंपो भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा शहर में और भी एक बड़ा जुलूस निकलता है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि जुलूसों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए गए हैं। जुलूसों में भारी पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में भी सिपाही लगाए गए हैं।
ये हैं सात नाथ
त्रिवटीनाथ
तपेश्वरनाथ
अलखनाथ
बनखंडीनाथ
पशुपति नाथ
धोपेश्वरनाथ
मढ़ीनाथ
छह सेक्टर में बंटा शहर
रामगंगा से लेकर पूरा छह सेक्टरों में बांटा। जिसमें राम गंगा एक सेक्टर रहेगा, जबकि अलखानाथ, धोपेश्वरनाथ, त्रिवटीनाथ, वनखंडीनाथ, पशुपतिनाथ मंदिर सेक्टर में हैं।
रामगंगा पर क्यूआरटी तैनात रहेगी। चौपुला चौराहा, थाना कोतवाली में चार रक्षक टीमें रहेंगी। वनखंडी मंदिर और थाना प्रेमनगर में 12-12 घंटे की शिफ्ट के हिसाब से बज्रवाहन तैनात रहेगा। इनके अवावा 13 थाना प्रभारी, 80 दरोगा, 35 हैड कास्टेबिल, 310 कांस्टेबिल, महिला कांस्टेबिल 74, 11 एपी गार्द, तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी 145 होमगार्ड तैनात रहेंगे। इनके अलावा दो कंपनी सीआरपीएफ को रिजर्व में रखा गया है।
जलाभिषेक वाले स्थानों पर छह-छह मोबाइल टीम दिन और रात में तैनात रहेंगी।